रीवा (विशेष संवाददाता) । रीवा से BJP सांसद जनार्दन मिश्रा (Janardan Mishra) एक बार फिर अपनी विवादित जुबान के चलते चौतरफा घिर गए हैं। मऊगंज जिले में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा (Goverdhan Puja) के मंच से किसानों को लेकर की गई उनकी अमर्यादित टिप्पणी ने प्रदेश की राजनीति में आग लगा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सांसद यह कहते नजर आ रहे हैं कि आज के किसान साल में महज तीन महीने मेहनत करते हैं और बाकी नौ महीने ताश खेलने, गुटखा खाने और शराब पीने में बर्बाद करते हैं।
अन्नदाताओं के प्रति इस तरह की सोच सामने आने के बाद विंध्य से लेकर भोपाल तक बवाल मच गया है। संयुक्त किसान मोर्चा और स्थानीय किसान संगठनों ने सांसद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इसे मेहनतकश किसानों के स्वाभिमान पर सीधा हमला बताया है। आक्रोशित किसान नेताओं ने रीवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव कर सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। किसान नेताओं ने कड़े शब्दों में कहा कि जो किसान कड़कड़ाती ठंड, चिलचिलाती धूप और बारिश में बारहों महीने खेतों में पसीना बहाकर देश का पेट भरता है, उसे सरेआम जुआरी और शराबी बताना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।
इस मुद्दे ने विपक्षी दल कांग्रेस को भी सत्तापक्ष पर हमला बोलने का बड़ा हथियार दे दिया है। कांग्रेस नेताओं ने इस बयान को भाजपा की 'किसान विरोधी मानसिकता' का जीता-जागता सबूत करार देते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि एक तरफ सरकार किसानों की हितैषी बनने का ढोंग करती है, वहीं दूसरी तरफ उसके सांसद खुले मंच से किसानों का उपहास उड़ा रहे हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सांसद जनार्दन मिश्रा ने अपने इस शर्मनाक बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो प्रदेश भर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने चुनावी और क्षेत्रीय राजनीति का पारा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
